वायरल
न्यायिक अधिकारी ने सुनी बंदियों की समस्याएं
संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव जिला कारागार पहुंचे। बंदियों को संबोधित करते हुए न्यायिक अधिकारी ने कहा कि जिसका कोई नही है, उसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण मौजूद है।
जनपद में प्राधिकरण द्वारा संचालित लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम अस्तित्व में है। ऐसे बंदी जिनके पास पैरवी करने वाला कोई नहीं है, वह प्रार्थना पत्र देकर अपनी पैरवी निःशुल्क करा सकता है। उनके साथ उपस्थित लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने ऐसे बंदियों को चिन्हित किया जिनके मामले में अधिवक्ता न होने के कारण मुकदमें की पैरवी नही हो पा रही है।
कोतवाली खलीलाबाद के जितेंद्र ने अपनी पैरवी कराने की बात कही। बेलहर कला थानाक्षेत्र के अकलोहना गांव निवासी लाल बहादुर ने कहा कि वह पॉक्सो एक्ट में सजायाफ्ता बंदी है। विगत पांच वर्ष से कारागार में है। इसी प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या बताई जिसके निराकरण की बात कही गई। इस दौरान जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह, जेलर आर.के.वर्मा, डिप्टी जेलर नयन कमल सिंह समेत अनेक बंदी मौजूद रहे।
