धर्म-कर्म
नहाय-खाय के साथ छठ शुरू
कुशीनगर। लोक आस्था का महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिन के इस पर्व को लेकर बाजार से लेकर घाट तक सज गए हैं। व्रतियों ने खरीदारी भी शुरू कर दी है। मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ इस महापर्व का समापन होगा। पुलिस और प्रशासन भी इसके मद्देनज़र सभी तैयारियां मुकम्मल करने में जुटा है।
छठ महापर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के बाजार सज गए हैं। बाजार में केरल और तमिलनाडु से नारियल मंगाए गए हैं। वहीं, पिछले साल की तुलना में सूप, दउरा और मिट्टी के सामान समेत अन्य पूजन सामग्री के दाम लगभग 20 फीसदी तक बढ़ गए हैं।
छठ पूजा की तैयारियों में जुटी महिलाएं शुक्रवार को पूरे दिन खरीदारी में व्यस्त रहीं। व्यापारियों का कहना है कि इस बार के त्योहारी सीजन, यानी शारदीय नवरात्र की शुरुआत से लेकर छठ पूजा तक, लोगों में गजब का उत्साह देखा जा रहा है।

नगर पंचायत हाटा द्वारा विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के साथ-साथ महिला पुलिस कर्मियों को भी लगाया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खासकर महिलाएं कपड़े व आभूषण की खरीदारी में दिलचस्पी दिखा रही हैं। फल विक्रेता राजेश जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, सुनील मद्धेशिया और बृजेश कुशवाहा ने बताया कि केरल और तमिलनाडु से नारियल तथा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और महाराष्ट्र से अनन्नास की खेप बाजार में उतर चुकी है। शनिवार से इसकी बिक्री और बढ़ जाएगी।
हाटा में छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है। यहां हर वर्ग और समुदाय के लोग मिलकर इस पर्व को भव्यता से मनाने में जुटे हैं। छठ महापर्व को लेकर सुभाष चौक, बावली चौक, रामकोला रोड और तिलक चौक के अलावा अन्य जगहों पर शनिवार से अस्थायी दुकानें लग गई हैं।
