मिर्ज़ापुर
नकली शराब बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
मिर्जापुर। जिले की पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली और अपमिश्रित अंग्रेजी शराब बनाने वाले एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने राजा गोपालपुर इलाके की कबाड़ की दुकान पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मोनू सोनी (33), छोटू जायसवाल उर्फ दया जायसवाल (32), और मोहन गुप्ता (29) शामिल हैं। इनके कब्जे से नकली शराब की 106 शीशियां, हजारों नकली ढक्कन और रैपर, प्रिंटिंग मशीन और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल, आइकोनिक, आरएस और ब्लेंडर प्राइड ब्रांड की कुल 106 शीशियां (375 एमएल) बरामद कीं। इसके अलावा, 15,375 नकली ढक्कन, 8,600 नकली रैपर, एक प्रिंटिंग मशीन और एक मोटरसाइकिल (UP 63 S 5546) भी जब्त की गई।

पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे खाली शीशियों में नकली शराब भरकर उन पर असली शराब के नकली क्यूआर कोड, लेबल और ढक्कन लगाते थे। ये लोग इन शीशियों को असली शराब के रूप में बाजार में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष विन्ध्याचल अमित कुमार, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, और आबकारी निरीक्षक राजेश कर रहे थे। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देश पर की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना विन्ध्याचल में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम और धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक “अभिनंदन” ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नकली शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
