वाराणसी
धोखाधड़ी मामले में वांछित युवक गिरफ्तार
वाराणसी। धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित अभियुक्त को चेतगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर काशी जोन के अधिकारियों की निगरानी में की गई कार्रवाई में देवेन्द्र मिश्रा (23) निवासी ओल्ड गेस्ट हाउस, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय क्षेत्र को विश्वविद्यालय की बाउंड्रीवाल के पास से पकड़ा गया। उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2025 को दर्ज शिकायत में आरोप था कि अभियुक्त ने बीएचयू में एडमिशन दिलाने के नाम पर कूटरचित रसीद और कागजात दिखाकर वादी के परिजनों से कुल 17,028 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए। एडमिशन न होने पर रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था।
गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
