गोरखपुर
दो साल में नहीं लगाया उद्योग, गीडा के 30 उद्यमियों को नोटिस
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में एक तरफ जहां उद्योग के लिए जमीन की मारामारी है, वहीं कई ऐसे उद्यमी हैं जो जमीन आवंटन के बाद भी उद्योग नहीं लगा रहे हैं। ऐसे ही 30 आवंटियों को चिन्हित कर गीडा प्रशासन ने नोटिस जारी 15 दिन में जवाब मांगा गया है।
गीडा के सेक्टर-27 में ऐसे 30 आवंटियों को चिन्हित किया गया है, जिन्होंने जमीन आवंटन के दो साल बाद भी उद्योग लगाने को लेकर कोई कवायद नहीं शुरू की है। गीडा ने मंगलवार को अंतिम रूप से 15 दिवस का समय देते हुये उन्हें अंतिम नोटिस जारी किया है। आवंटियों से कहा गया है कि उद्योग स्थापना के सम्बन्ध में वे त्वरित कार्यवाही करें।
दरअसल, शासन स्तर पर उद्योग स्थापना को लेकर निरंतर समीक्षा हो रही है। इसमें आवंटित भूखण्डों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने एवं रिक्त भूखण्डों को चिन्हित कर उद्योग स्थापना को लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया है। गीडा के एसीईओ राम प्रकाश ने बताया कि सभी 30 आवंटियों को दो साल के अंदर उद्योग स्थापित करने की शर्त के साथ जमीन का आवंटन किया गया।
