गाजीपुर
दोस्त की पत्नी के इलाज का झांसा देकर युवती से चार लाख की साइबर ठगी
गाजीपुर (जयदेश)। साइबर ठगों ने अस्पताल में भर्ती महिला के इलाज के नाम पर मदद मांगकर एक युवती से 4.15 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाना गाजीपुर में तहरीर देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कासिमाबाद थाना क्षेत्र के अविसहन गांव निवासी गरिमा सिंह के अनुसार, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को उनके एक परिचित का रिश्तेदार बताते हुए कहा कि उनके दोस्त की पत्नी अस्पताल में भर्ती है और इलाज के लिए तत्काल पैसों की आवश्यकता है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने विश्वास में लेकर अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर गूगल पे और फोन पे के माध्यम से पैसे भेजने के लिए कहा।
बताया कि उसकी बातों पर भरोसा कर गरिमा सिंह ने अपने खाते के साथ ही अपने पिता और भाई के खातों से भी कुल करीब 4.15 लाख रुपये बताए गए नंबरों पर ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया तो पता चला कि किसी परिचित की पत्नी अस्पताल में भर्ती नहीं है। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हो गई है।
इसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम थाना गाजीपुर में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साइबर थाना प्रभारी रहमतुल्ला खान ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और ट्रांजेक्शन से जुड़े खातों तथा मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।
