बड़ी खबरें
देश में राज्यपालों और उपराज्यपालों का बड़ा फेरबदल, नौ राज्यों में बदलाव
नई दिल्ली/गोरखपुर। देश में राज्यपालों और उपराज्यपालों के पदों पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को जारी अधिसूचना में 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए राज्यपालों व उपराज्यपालों की नियुक्ति और तबादलों को मंजूरी दी।
इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख में देखने को मिला। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है, जबकि पूर्व भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बिहार में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को राज्यपाल बनाया गया है।
नागालैंड में नंद किशोर यादव को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का कार्यभार सौंपा गया है। उधर लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रपति भवन के अनुसार ये सभी नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
