अपराध
दूसरी पत्नी के साथ पेड़ से लटका मिला युवक का शव, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
कुशीनगर। पडरौना स्थित तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के दोघरा गांव के टोला बेनीभार नहर किनारे सागौन के बगीचे में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक और उसकी दूसरी पत्नी के शव पेड़ से लटके पाए गए। दोनों ने एक साल पहले देवरिया की गैर जाति की युवती से प्रेम विवाह किया था। युवक की पहली पत्नी मायके में रह रही है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
सुबह धान की फसल काटने जा रही महिलाओं ने सबसे पहले यह दृश्य देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची एवं साक्ष्य संकलित किया।
मृतक युवक की पहचान बेनीभार निवासी अभिषेक गिरि (25) और युवती की पहचान निशा गोंड (22) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार अभिषेक ने तीन वर्ष पूर्व एक लड़की से शादी की थी, जिससे उसकी एक बेटी भी है। बाद में उसने देवरिया के गौतम चक मठिया की रहने वाली निशा से दूसरी शादी कर ली थी।
परिजनों द्वारा गैर जाति में विवाह स्वीकार न किए जाने के कारण दोनों पंजाब चले गए थे। कुछ ही दिन पूर्व दोनों वापस लौटे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक तनाव के चलते यह कदम उठाया गया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार, नम हुई परिजनों की आंखें
अंतरजातीय विवाह करने वाले अभिषेक और निशा की मौत से गांव में शोक की लहर है। सोमवार को दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम रहीं।
अभिषेक की दूसरी शादी के बाद परिवार ने उनसे नाता लगभग तोड़ लिया था। वहीं पिता ने शव देखने से इंकार कर दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि युवती की मां थाने पहुंची थी, किंतु अब तक किसी की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
