गोरखपुर
दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का समापन, विकास और संगठन पर जोर
भाजपा ने अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण पर रखा फोकस
गोरखपुर। भाजपा गोरखपुर महानगर इकाई के आर्य नगर मंडल में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का समापन मंगलवार दोपहर बाद कल्याण मंडपम, सूरज कुंड में सम्पन्न हुआ। समापन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में समरेदु सिंह, विधायक विपिन सिंह एवं अच्युतानंद शाही उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अमित कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महामंत्री आकाश साहनी व पूरन गुप्ता ने किया। समापन सत्र की अध्यक्षता शशिकांत सिंह ने की।
कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात वर्ग गीत के साथ प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ हुआ। समापन दिवस पर तीन अलग-अलग सत्रों में विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

पंचम सत्र में ‘अपनी सरकार की उपलब्धि’ विषय पर बोलते हुए विधायक विपिन सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और श्रेष्ठ भारत के निर्माण हेतु सभी कार्यकर्ता प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सर्वांगीण विकास हुआ है और भारत तेजी से उद्योग एवं विकास की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने अंत्योदय की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने भारतीय जनसंघ से भाजपा तक के संगठनात्मक संघर्ष और सफलता का उल्लेख करते हुए अटल बिहारी वाजपेई और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती प्रतिष्ठा पर प्रकाश डाला।
कार्य पद्धति विषय पर महानगर प्रशिक्षण संयोजक व महामंत्री अच्युतानंद शाही ने जनसंघ से भाजपा तक के इतिहास को बताते हुए कहा कि भारत को विश्व में प्रथम स्थान पर स्थापित करना और उसे सशक्त बनाना ही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, त्याग और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटा है।

सप्तम एवं समापन सत्र में सोशल मीडिया विषय पर समरेदु सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली पहुंचाना ही मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सोशल मीडिया, एआई और फेसबुक के प्रभाव एवं उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, महानगर उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा चिरंजीवी चौरसिया, पुष्प दांत जैन, वरुण चौरसिया, शिवप्रसाद जायसवाल, मंडल उपाध्यक्ष सचिन जायसवाल, जितेंद्र निषाद, आशुतोष पांडे, शिवांशित खरे, आदर्श पासवान, जितेंद्र अग्रवाल, मंडल महामंत्री आकाश सहनी, पुरन गुप्ता, मंडल मंत्री राजेंद्र कुशवाहा, विशाल सोनकर, अरुंधति मिश्रा, राम सिंह प्रजापति, शैलेश गौतम, मीडिया प्रभारी जितेंद्र कुमार गुप्ता, पार्षद आरती सिंह, जयंत निषाद, श्रवण पटेल, शिवेंद्र मिश्रा, शिवम पांडे, अभिषेक शर्मा, शाश्वत अग्रवाल, पिछड़ा मोर्चा महानगर महामंत्री शिवानंद सिंह, महिला मोर्चा महानगर महामंत्री मीना श्रीवास्तव, मंत्री पूजा गुप्ता, उपाध्यक्ष ममता गुप्ता, पूर्व पार्षद मीरा श्रीवास्तव, दीपा पांडे, बिंदु गुप्ता, गीता मिश्रा, मोहन सिंह, अभिषेक निषाद, देवेंद्र सचदेवा, राजेश गुप्ता सहित मंडल एवं वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
