Connect with us

वाराणसी

दालमंडी में ध्वस्तीकरण के दौरान भवन स्वामी ने लगाई आग, मचा हड़कंप

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब चौड़ीकरण के तहत चल रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान एक भवन स्वामी ने अपनी इमारत में आग लगा दी। अचानक लगी आग से मौके पर हड़कंप मच गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे देखते हुए प्रशासन को कुछ समय के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और भवन स्वामी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आगजनी के कारण हालात और बिगड़ गए।

जानकारी के अनुसार, दालमंडी चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत मकान संख्या सीके 39/9 पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर भवन स्वामी ने पहले छत के रास्ते सड़क की ओर पेट्रोल फेंककर आग लगाई, इसके बाद एक बर्तन में पेट्रोल लेकर बाहर मौजूद लोगों पर छिड़कने का भी प्रयास किया। दरवाजे के बाहर आग फैलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। धुएं के गुबार से पूरे इलाके में भय का वातावरण बन गया। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र को घेर लिया और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। अधिकारियों ने भवन स्वामी को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी बातों का उस पर कोई असर नहीं हुआ।

बताया गया कि बेनियाबाग से दालमंडी होते हुए चौक मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सुबह से ही भवन मालिक और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस चल रही थी। पूर्व में भी प्रशासन की ओर से भवन को लेकर चेतावनी दी जा चुकी थी। सामान हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही भवन स्वामी ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे कुछ ही देर में नुकसान की स्थिति बन गई।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और उसी भवन में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई दोबारा शुरू की गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मौके पर फायर बाइक सर्विस को भी बुलाया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, युवक ने पुलिस बल को रोकने के उद्देश्य से बोतल में भरे ज्वलनशील पदार्थ को मकान के अगले हिस्से पर छिड़ककर आग लगाई थी। आग फैलने पर वह स्वयं को बचाने के लिए अंदर कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। युवक का कहना था कि उसके मकान पर कोर्ट से स्थगन आदेश मिला हुआ है, इसके बावजूद कार्रवाई की जा रही थी।

दालमंडी पुलिस चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि युवक ने स्वयं को जलाने का प्रयास किया था। वहीं, एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने कहा कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। इस घटना के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे मामलों में बेहतर संवाद स्थापित करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page