वाराणसी
दाना तूफान का असर, काशी में बदला मौसम का मिजाज
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान दाना का असर वाराणसी में भी दिखने लगा है। गुरुवार को बादलों की आवाजाही और नमीयुक्त हवाएं चलने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार की सुबह हल्की बदरी और ठंडी हवा चलने की वजह से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। इस दौरान चाय की दुकानों पर ज्यादा भीड़ देखी गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। मानसून के सीजन के खत्म होने के बाद भी मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, शुक्रवार को यह तूफान बंगाल के समुद्री तटों से टकरा सकता है। जिसके कारण वाराणसी में भी शुक्रवार और शनिवार को तेज हवाएं चलने और बादलों की आवाजाही रहने की संभावना है।
