अपराध
दहेज प्रताड़ना मामले में ‘परिवार परामर्श केंद्र’ ने ससुराल वालों को जारी किया नोटिस
जौनपुर। केराकत के अउवार गांव की एक विवाहिता द्वारा दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का आरोप लगाए जाने के बाद परिवार परामर्श केंद्र के सचिव ने ससुराल पक्ष को नोटिस जारी किया है। थानाध्यक्ष केराकत को निर्देश दिया गया है कि ससुराल वालों को 21 नवंबर 2024 को सुबह 10:30 बजे परिवार परामर्श केंद्र, खरका रोड, कचहरी स्टेट बैंक के निकट पेश करें।
परिवार परामर्श केंद्र में चंदवक थाना क्षेत्र के बीरीबारी गांव निवासी किरन निषाद ने अधिवक्ता चंद्र प्रकाश दुबे के माध्यम से प्रार्थना पत्र दाखिल किया। पत्र में उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है, और उनके मामा भोला ने तीन जुलाई 2017 को उनकी शादी अउवार गांव निवासी साजन निषाद से कराई थी।

किरन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनके पति साजन, ससुर मुनक्का, सास शांति और देवर राजू, विजय व सतीश ने एक लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस दौरान उनके दो बच्चे, शिल्पी और सोनू, का जन्म हुआ, लेकिन ससुराल वालों की प्रताड़ना जारी रही।
आरोप है कि दो जुलाई 2024 को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर किरन को बच्चों समेत घर से निकाल दिया। किरन ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति साजन दूसरी शादी करने की योजना बना रहे हैं।
परिवार परामर्श केंद्र के सचिव और परामर्शदाता ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी ससुराल पक्ष को नोटिस जारी किया है। थानाध्यक्ष केराकत को आदेश दिया गया है कि नोटिस का तामिला सुनिश्चित करें और आरोपियों को 21 नवंबर को केंद्र में पेश कराएं।
