वायरल
दरोगा बना देवदूत, सीपीआर देकर बचायी वृद्ध की जान
उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक पुलिस अधिकारी की बहादुरी की चर्चा हो रही है। दरोगा विनोद कुमार सिंह ने एक बुजुर्ग की जान बचाकर मानवता की एक मिसाल पेश की है। घटना उस समय हुई जब एक बुजुर्ग को हार्ट अटैक आया और वह सड़क पर गिर पड़े।शनिवार की सुबह, देवरिया के पुलिस लाइन के निकट दो लोग एक स्कूटी पर सवार थे। जैसे ही स्कूटी आरो प्लांट के पास पहुंची, पीछे बैठा व्यक्ति अचानक गिर पड़ा।
गिरते हुए व्यक्ति को देखकर आस-पास के लोग शोर मचाने लगे। स्कूटी चला रहा व्यक्ति जैसे ही संभलकर रुका, दरोगा विनोद कुमार सिंह वहां पहुंचे।उन्होंने बिना समय गवाए, बेहोश पड़े बुजुर्ग को तत्काल सीपीआर देना शुरू किया। लगातार 5 मिनट तक प्रयास करने के बाद, बुजुर्ग के शरीर में हरकत हुई और वह होश में आ गया।
होश में आने पर बुजुर्ग ने अपना नाम राम आशीष यादव बताया और बताया कि वह लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास का निवासी है। इसके बाद, बुजुर्ग को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल, उनकी स्थिति स्थिर है। दरोगा विनोद कुमार सिंह के इस साहसिक कार्य की पूरे जिले में प्रशंसा हो रही है और लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
