वाराणसी
थानाध्यक्ष ने महिला को गंगा में कूदने से बचाया
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला गंगा में छलांग लगाने के लिए जाली के पार खड़ी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया।
पारिवारिक विवाद से थी परेशान
महिला अपने पति से हुए विवाद के कारण परेशान थी। वह पास की मलिन बस्ती में अपने दो बच्चों और पति के साथ रहती है। परिवार भिक्षाटन करके अपना गुजारा करता है। महिला ने बताया कि उसका पति अक्सर नशे में मारपीट करता है, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाने का फैसला किया।

पुलिस की सूझबूझ से बची महिला की जान
पुलिस ने महिला को बच्चों का हवाला देकर और लंबे समझाने-बुझाने के बाद शांत कराया। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर तैयार थी। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को जाली के पार बुलाया गया और सकुशल नीचे उतारा गया।
लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने लोगों से अपील की कि इस प्रकार की मानसिक स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना दें। उन्होंने महिला को समझाया और आश्वासन दिया कि उसकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। घटना के दौरान पुल पर खड़े लोगों ने राहत की सांस ली, जब महिला को सकुशल बचा लिया गया।
