Connect with us

वायरल

ड्रग्स की लत से बचाने के लिए पैरंट्स रखें अपने बच्चों पर नज़र : भिवंडी पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

रिपोर्ट – धर्मेंद्र सिंह धर्मा, ब्यूरो चीफ मुंबई

महाराष्ट्र (भिवंडी)। गलत संगत और फिल्म के वजह से छोटे-छोटे बच्चों में भी नशीले पदार्थो का सेवन करने की आदत बढ़ रही है। युवा पीढ़ी में नशीले पदार्थों के सेवन के प्रति बढ़ते आकर्षण से अभिभावकों में भय व चिंता व्याप्त है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा ‘बच्चों में ड्रग्स और मादक पदार्थों के दुरुपयोग व उनके अवैध दुर्व्यापार की रोकथाम पर संयुक्त कार्य योजना’ देश भर में शुरू की गई है। इसी के तहत ठाणे पुलिस आयुक्त, भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट दो और नशा विरोधी टीम ने अभिभावकों से अपने बच्चों पर नज़र रखने की अपील की है।

भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट-दो के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक योगेश आव्हाड ने कहा कि वर्तमान समय में भिवंडी शहर के साथ मुंब्रा, ठाणे, कल्याण, उल्हासनगर क्षेत्र में युवा वर्ग, स्टूडेंट्स बड़े पैमाने पर गांजा, चरस, ब्राउन शुगर, कोकीन और एमडी (मेफेड्रोन) का सेवन करते दिखाई देते हैं। एमडी को छोटे प्लास्टिक बैग में बेचा जाता है। पान-मसाला, पानी और कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर अथवा इंजेक्शन द्वारा इसका सेवन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि, एमडी नशे के आदी लोगों को भूख नहीं लगती। गंभीर हृदय विकार, उच्च और निम्न रक्तचाप के साथ ही शरीर का तापमान काफी हद तक बढ़ जाता है। नींद में अनियमितता हो जाती है। समय से पहले बुढ़ापा आ जाता है। इसके अलावा शरीर और चेहरे की त्वचा सिकुड़ जाती है। हृदय और मस्तिष्क से रक्त वाहिकाएं स्थायी रूप से क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिसके कारण दिल का दौरा पड़ने से लोगों की मृत्यु तक हो सकती है। लिवर, किडनी, फेफड़ों के विकार बढ़ जाते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, सभी माता-पिता को अपने बच्चों पर नज़र रखनी चाहिए। माता-पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन न करें। आसपास के परिसर में कोई नशीले पदार्थों को बेचता दिखाई पड़ता है, तो तत्काल उसकी जानकारी क्राइम ब्रांच अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।

Advertisement

क्राइम ब्रांच की ओर से कहा गया है कि मादक पदार्थ बेचने वालों की शिकायत मोबाइल नंबर- 9923797104, पीएसआई श्रीराज माली के मोबाइल नंबर- 9552572101 और एपीआई धनराज केदार के मोबाइल नंबर 8108813300 सहित नजदीक के पुलिस स्टेशन में कर सकते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page