Connect with us

वायरल

डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन में लापरवाही, तीन बीडीओ को नोटिस

Published

on

Loading...
Loading...

पडरौना (कुशीनगर)। पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग में लापरवाही पाए जाने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने नोडल अधिकारी के रूप में तैनात तीन खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत डी-डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग का कार्य प्रगति पर है। आयोग द्वारा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार यह कार्य 20 फरवरी तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।

बीते 16 फरवरी को हुई समीक्षा बैठक में ब्लॉक सेवरही, सुकरौली और फाजिलनगर की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। समीक्षा में सामने आया कि सेवरही में कुल 75096 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सापेक्ष मात्र 1559 मतदाताओं की ऑनलाइन फीडिंग की गई थी। इसी प्रकार सुकरौली में 60680 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं में से केवल 4074 मतदाताओं की फीडिंग हुई, जबकि फाजिलनगर में 69719 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के मुकाबले सिर्फ 5532 मतदाताओं की ही प्रविष्टि दर्ज की गई।

समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि बीएलओ द्वारा सत्यापन और विवरण जमा करने की प्रक्रिया की गति भी बेहद धीमी है। इसी कारण प्रदेश स्तर पर जनपद की स्थिति असंतोषजनक बनी हुई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि डी-डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन और ऑनलाइन फीडिंग का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्यक्रम को समय से सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page