Connect with us

शिक्षा

डीएम ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को किया सम्मानित

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीर नगर। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने एक सराहनीय कदम उठाया है। विकासखंड बघौली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय औरही में पठन-पाठन एवं अध्यापन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन पाए जाने पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रानी सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बताया गया कि विगत 31 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा प्राथमिक विद्यालय औरही का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की शैक्षिक प्रगति, कक्षा संचालन, शिक्षण विधियों तथा समग्र शैक्षिक वातावरण को संतोषजनक और सराहनीय पाया गया। इसके साथ ही बच्चों को मेन्यू के अनुसार मिड-डे-मील उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था भी सुव्यवस्थित मिली।
विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छता तथा बच्चों की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की थी। इसी क्रम में मंगलवार को जनता दर्शन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका रानी सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Loading...

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानाध्यापिका का नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ की सामूहिक मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों से इसी प्रकार समर्पण भाव से कार्य करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यालय की टीम को बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page