Connect with us

वाराणसी

डीआईजी वैभव कृष्णा ने संभाली वाराणसी रेंज की कमान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। पुलिस विभाग में हुए बड़े फेरबदल के तहत 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी वैभव कृष्णा ने बुधवार रात वाराणसी रेंज के डीआईजी का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और अभिषेक कर अपनी तैनाती की शुरुआत की। इसके बाद काल भैरव मंदिर में आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व डीआईजी मोहित गुप्ता ने चार्ज सौंपा और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए लखनऊ रवाना हुए, जहां उन्हें सचिव (गृह) के पद की नई जिम्मेदारी मिली है।

वैभव कृष्णा मूलरूप से बागपत के निवासी हैं और महाकुंभ में डीआईजी मेला की भूमिका निभा चुके हैं। इससे पहले वे आजमगढ़ रेंज के डीआईजी भी रह चुके हैं। अब वाराणसी परिक्षेत्र में एक बार फिर उनकी वापसी हुई है, जहां उन्हें गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर जैसे संवेदनशील जिलों की कमान सौंपी गई है।

नए डीआईजी के सामने कई चुनौतियां होंगी। गाजीपुर और चंदौली में माफिया मुख्तार अंसारी के गुर्गों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, मुकदमों की प्रभावी पैरवी, गवाहों को सुरक्षा मुहैया कराना और चार्जशीट दाखिल करना प्रमुख कार्य होंगे। पूर्वांचल में मुख्तार गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा।

Advertisement

जौनपुर में रंजिशन हत्याओं और राजनीतिक विद्वेष से जुड़ी वारदातों पर नियंत्रण, चंदौली के नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बनाए रखना और बिहार सीमा से लगते इलाकों में शराब व पशु तस्करी पर लगाम कसना उनकी रणनीति की कसौटी साबित होगी। शासन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वैभव कृष्णा का यह कार्यकाल निर्णायक माना जा रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page