Connect with us

गोरखपुर

जीजा से उधार के रुपये मांगना पड़ा भारी, साले ने परिवार संग मिलकर की बेरहमी से पिटाई

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले के सहजनवां क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां उधार दिए गए रुपये वापस मांगना जीजा को भारी पड़ गया। साले ने न सिर्फ रुपये लौटाने से इनकार किया, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर जीजा की जमकर पिटाई कर दी। मामला थाना शाहपुर क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना शाहपुर के मोहनापुर निवासी कृष्ण पाल यादव पुत्र स्वर्गीय रामनरेश यादव का ससुराल सहजनवां क्षेत्र के बोकटा गांव में है। पीड़ित के अनुसार कुछ समय पहले उन्होंने अपने साले अमरजीत यादव को पारिवारिक रिश्ते और भरोसे के चलते 1 लाख 50 हजार रुपये उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब रुपये वापस नहीं मिले तो शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे कृष्ण पाल यादव अपने ससुराल बोकटा पहुंचे और साले से शांति पूर्वक उधार की रकम लौटाने की बात कही।

पीड़ित का आरोप है कि रुपये मांगते ही साला अमरजीत यादव आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर साले ने अपने घर के एक लड़के और एक लड़की को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर कृष्ण पाल यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों और थप्पड़ों से की गई पिटाई में पीड़ित को गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तब जाकर आरोपी वहां से फरार हुए। घायल अवस्था में पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचा और पूरे मामले की लिखित तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो उसकी जान भी जा सकती थी।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहपुर पुलिस ने आरोपी अमरजीत यादव सहित एक लड़का और एक लड़की के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

इस घटना ने क्षेत्र में रिश्तों के नाम पर बढ़ रहे विवादों और उधार के लेन-देन को लेकर होने वाली हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक संबंधों में पैसे का लेन-देन अब विवाद और अपराध का कारण बनता जा रहा है। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page