Connect with us

मिर्ज़ापुर

जिला स्वास्थ्य और समन्वय समिति की बैठक संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति और जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, मड़िहान के युगांतर त्रिपाठी, लालगंज के आसाराम वर्मा, चुनार के राजेश वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा समेत सभी विकास खंड अधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी एमओआईसी को निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का आदेश दिया।

दवाओं की उपलब्धता और योजनाओं की समीक्षा

जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, आरसीएच पोर्टल, महिला-पुरुष नसबंदी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, अंधता निवारण, लेप्रोसी कार्यक्रम, और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Advertisement

अंधता निवारण योजना पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि अंधता निवारण योजना के तहत जरूरतमंदों को चश्मा वितरित करें और विकासखंड स्तर पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों को अंधता से बचाव के प्रति जागरूक करें।

आयुष्मान और मंत्रा एप की समीक्षा

उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को आयुष्मान कार्ड और मंत्रा एप पर प्रसव फीडिंग की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की संवेदनशीलता पर जोर देते हुए कहा कि गरीब मरीजों का इलाज प्राथमिकता से हो और दवाओं की उपलब्धता बनी रहे।

Advertisement

108 और 102 एम्बुलेंस सेवा की समीक्षा

बैठक में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

जन्म प्रमाण पत्र को लेकर निर्देश

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत सहायकों से जन्म प्रमाण पत्रों का रजिस्टर में अंकन सुनिश्चित कराएं। विद्यालयों के उन बच्चों की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया, जिनके पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है। खंड शिक्षा अधिकारी और खंड विकास अधिकारी मिलकर इन बच्चों का सत्यापन कर प्रमाण पत्र जारी करें।

Advertisement

शो-कॉज नोटिस जारी

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान अहरौरा, मड़िहान, और राजगढ़ के प्रभारी चिकित्साधिकारियों की प्रगति खराब होने पर उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया। आरसीएच पोर्टल पर प्रगति खराब होने के कारण गुरुसंडी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को भी नोटिस देने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सजगता और तत्परता से कार्य करने का निर्देश दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page