गाजीपुर
जिला कारागार में कैदियों ने किया योग
गाजीपुर। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गाजीपुर जिला कारागार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तत्वावधान में एक प्रेरणादायक योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य” को केंद्र में रखकर आयोजित इस शिविर का शुभारंभ गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुआ, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
योग प्रशिक्षक धीरज राय और सलमान हैदर ने बंदियों एवं उपस्थित अधिकारीगण को सूर्य नमस्कार, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भुजंगासन और प्राणायाम जैसे विविध आसनों का अभ्यास कराया। योग सत्र के दौरान बंदियों ने शारीरिक लचीलापन, मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।
कारागार के शिक्षाध्यापक अभय मौर्या ने कहा कि “शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्” अर्थात शरीर ही धर्म और साधना का पहला माध्यम है। योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की वह अमूल्य देन है, जो न केवल तन को स्वस्थ, बल्कि मन को भी शांत और स्थिर करती है। उन्होंने इसे केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक संतुलित जीवनशैली बताया।
इस योग शिविर में अधीक्षक आनन्द शुक्ला, जेलर सुनीलदत्त मिश्रा, डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित जेल वार्डर अजय गुप्ता, विवेक यादव, शिक्षाध्यापक धर्मेन्द्र श्रीवास्तव और अभय मौर्य की सक्रिय उपस्थिति रही।
