Connect with us

वाराणसी

जाम के झाम से मिलेगा निजात, सीपी ने लागू किया मैदागिन से विश्वेश्वरगंज तक ट्रैफिक फार्मूला

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में मैदागिन और विश्वेश्वरगंज तक हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसके वजह से लोगों को स्कूल, कार्यालय पहुंचने में काफी विलंब हो जाता था। भीषण गर्मी और ट्रैफिक में फंसने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है।अब मैदागिन चौराहा से विश्वेश्वरगंज तक के बीच सड़क पर कोई भी वाहन खड़ा नहीं होगा। इसके अलावा निजी वाहनों के साथ सरकारी वाहन और सवारी वाहन भी इस क्षेत्र की सड़क पर नहीं खड़े होंगे। ट्रैफिक रूल्स का पालन न करने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मैदागिन चौराहा से विश्वेश्वरगंज तक के इलाके की सड़क में लगने वाले जाम की समस्या का समाधान करने के लिए एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय को निर्देशित किया। इस क्रम में रविवार की शाम एडीसीपी ट्रैफिक ने यातायात पुलिस और कोतवाली थाने की पुलिस के साथ मैदागिन चौराहे से विश्वेश्वरगंज तक के इलाके का जायजा लिया। इस दौरान सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े मिले सात ई-रिक्शे सीज कर दिया गया और 13 वाहनों का चालान किया गया।

Loading...

एडीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि, इस इलाके की सड़क पर अब पुलिस- पीएसी या अन्य सरकारी वाहनों के साथ ही निजी और सवारी वाहन भी नहीं खड़े होंगे।एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत मच्छोदरी और गोलगड्डा से आने वाले ई-रिक्शा व ऑटो विश्वेश्वरगंज से मैदागिन की ओर नहीं आएंगे। लहुराबीर, कबीरचौरा की तरफ से मैदागिन चौराहे आने वाले तीन पहिया वाहनों को हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के सामने वाले खाली स्थान की ओर मोड़ दिया जाएगा। जहां वह सवारी उतार कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। टाउनहाल पार्किंग की तरफ से आने वाले तीन पहिया वाहनों को मैदागिन चौराहे पर नहीं रुकने दिया जाएगा। पीएसी के वाहन सड़क पर न खड़े होकर काशी डिपो में खड़े होंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page