गोरखपुर
जरूरतमंदों को मिलेगा आवास और इलाज की पूरी सहायता : सीएम योगी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लगभग 300 लोगों की समस्याएँ सुनीं। प्रदेशभर से पहुँचे लोगों ने आवास, इलाज, जमीन विवाद, पीड़ित सहायता, रोजगार और प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें सीएम के सामने रखीं।
जनता दर्शन के दौरान मुख्य रूप से गरीब, असहाय और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों की समस्याएँ सामने आईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस जरूरतमंद के पास पक्का घर नहीं है, उसे उचित प्रक्रिया के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर तुरंत रिपोर्ट तैयार करें और योजनाओं में प्राथमिकता से शामिल करें।
इसी तरह, गंभीर बीमारी से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए सीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकार इलाज का पूरा प्रबंध करेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों से इलाज का अनुमान (एस्टिमेट) बनवाकर तुरंत मुख्यमंत्री राहत कोष सहित उपलब्ध माध्यमों से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण और पुलिस-राजस्व से जुड़ी शिकायतें भी बड़ी संख्या में सामने आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जनता की सभी समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद किया, आवेदन पत्र लिए, और हर मामले पर मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित यह जनता दर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रहा। बड़ी संख्या में आए लोगों ने अपनी परेशानी सीधे मुख्यमंत्री तक पहुँचने पर संतोष जताया।
