मऊ
जयकारे के साथ निकली कलश यात्रा

मधुबन (मऊ)। मधुबन नगर पंचायत के उसुरी पिपरा में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारम्भ को लेकर शनिवार को भक्ति गीतों के बीच गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो दोहरीघाट से सरयू का जल लेकर मंगल गीतों के बीच महिलाएं सिर पर मंत्र पूजित कलश रखकर यात्रा में शामिल हुईं।
कस्बा के शिव मंदिर होते हुए पूरे नगर पंचायत का भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंचे। जहां नवग्रह का विधि विधान से पूजन हुआ। मुख्य यजमान सुशील पाण्डेय अपनी पत्नी आरती पाण्डेय के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन-अर्चन किया। कथाव्यास डॉ. नारायण तिवारी ने विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन करवाया। इसके बाद कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची।
पहले दिन कथा वाचक ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन के उद्देश्य व दिशा बताती है। जहां भी कथा होती हो, वहां लोगों को अवश्य पहुंचना चाहिए। कथा सुनने की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब मनुष्य अपने जीवन में प्रभु के बताए रास्ते पर चले।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जयप्रकाश पाण्डेय, सुनील पाण्डेय, संजय पाण्डेय, भैरोना, यज्ञदत्त पाण्डेय, रजनी, आदित्य, रूद्रांश पाण्डेय, गौरव, धनंजय पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।