राज्य-राजधानी
चमोली में हिमस्खलन से 57 मजदूर दबे, 32 को निकाला गया

खराब मौसम बनी चुनौती, बचाव अभियान में तेज बर्फबारी से बाधा
उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हिमस्खलन हुआ, जिसमें बीआरओ के 57 मजदूर दब गए। यह हादसा सुबह करीब 7:15 बजे 3200 मीटर की ऊंचाई पर हुआ, जहां बर्फ का विशाल पहाड़ टूटकर गिर पड़ा। राहत बचाव कार्य के दौरान शाम तक 32 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 25 की तलाश जारी है।
आईटीबीपी, बीआरओ, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें राहत अभियान में जुटी हुई हैं। बचाए गए मजदूरों को माणा गांव स्थित आईटीबीपी कैंप में चिकित्सा सुविधा दी जा रही है, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के वक्त सभी मजदूर आठ कंटेनर और एक शेड में मौजूद थे, जहां हिमस्खलन से छह फीट मोटी बर्फ जम गई।
तेज बर्फबारी और खराब मौसम के कारण बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार रात से 28 फरवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है। मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर भी नहीं भेजा जा सका।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसडीआरएफ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थिति पर चर्चा की। प्रशासन लगातार बचाव कार्य में तेजी लाने का प्रयास कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक मजदूरों को जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।