चन्दौली
चंद्रप्रभा नदी में डूबे बालक का शव बरामद
बबुरी (चंदौली)। नदी में डूबे बालक का शव 24 घंटे बाद घटना स्थल से लगभग 100 मीटर दूर मिला। शव को देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने मृतक बालक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
ज्ञात हो कि, क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के निवासी सुनील कुमार पांडेय का 12 वर्षीय पुत्र ऋषि रविवार को अपने दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही चंद्रप्रभा नदी में नहाने गया था। नहाते वक्त ऋषि गहरे पानी में चला गया और वह नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाकर रविवार की देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी में डूबे बालक ऋषि के शव की खोज का काफी प्रयास किया। अंधेरा होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया।
सोमवार की सुबह फिर से एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर नदी में डूबे ऋषि के शव को एसडीआरएफ ने ढूंढ निकाला। शव देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई तथा वे दहाड़ मारकर रोने लगे। माता शकुंतला अपने बच्चे का शव देखते ही बेसुध होकर जमीन पर गिर गई। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
