चन्दौली
चंदौली पुलिस का नशे पर प्रहार, 12 शराबियों पर कार्रवाई
चंदौली। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को सार्वजनिक स्थानों और शराब की दुकानों के आसपास चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस अभियान के अंतर्गत कुल 12 शराबियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार जनपद के सभी थानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सिर्फ कानूनी कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी करना है।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, जुआ खेलने, स्टंटबाज़ी करने और छेड़खानी जैसे कृत्यों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों को चिह्नित कर उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।
चंदौली पुलिस शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। साथ ही पकड़े गए व्यक्तियों को यह भी समझाया जा रहा है कि नशा न केवल स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए हानिकारक है, बल्कि परिवार और समाज में भी उनकी छवि को धूमिल करता है।
10 जून को पूरे जनपद में एक साथ चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत धारा 292 BNS के तहत कुल 12 व्यक्तियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
