गाजीपुर
घाट पर गंदगी के खिलाफ संत निरंकारी मंडल का बिगुल, सैकड़ों सत्संगियों ने संभाली सफाई की कमान
जमानियाँ (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र के ग्राम बडेसर स्थित गंगा घाट पर संत निरंकारी मंडल द्वारा विशाल स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में दूर-दराज़ से आए सैकड़ों सत्संगियों व स्वयंसेवकों ने पूरे जोश-खरोश के साथ गंगा घाट के विभिन्न हिस्सों में फैली गंदगी और कचरे को हटाकर घाट को साफ-सुथरा और सुंदर बनाया। इस दौरान घाट पर स्वच्छता का प्रभावी संदेश गूंजता रहा।
साध संगत जोन-64 जमानियाँ के प्रबंधक कृष्णानंद साहनी ने बताया कि यह कार्यक्रम संगठन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया था। इस महाअभियान में ब्रांच दिलदारनगर, नगसर, राधोपुर और साध संगत जमानियाँ के सैकड़ों महिला-पुरुष स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर गंगा घाट की तस्वीर बदल दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने साथ लाई गई अनुपयोगी वस्तुओं को इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालें, तभी स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सकेगा। अभियान के दौरान विनोद, दिनेश, गोरखनाथ, रामबिलास, विजय, हरिहर, रामजी, सुभाष, गुलाब, अरविन्द सहित बड़ी संख्या में सत्संग कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
