वाराणसी
घर में मिला बुजुर्ग का शव, साथ रहने वाली महिला गायब

वाराणसी। शहर के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित शिवदासपुर (जागृति नगर) इलाके में शुक्रवार सुबह एक 56 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध हालत में उसके घर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान राजकुमार राजभर के रूप में हुई है, जो प्लम्बर का कार्य करता था। वहीं, घर में उसके साथ रह रही मुस्लिम महिला असगरी खान मौके से फरार है।
घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और थाना प्रभारी भरत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुंह से निकला झाग, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
राजकुमार का शव उसके ही मकान के फर्श पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए, लेकिन मुंह से झाग निकल रहा था। यह संकेत विषाक्त पदार्थ सेवन या अन्य संभावनाओं की ओर इशारा करता है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
महिला को पत्नी बताता था, वर्षों से साथ रह रही थी
पड़ोसियों के अनुसार राजकुमार की पहली पत्नी की मृत्यु करीब 15 वर्ष पूर्व हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2013 में उसने बनारस बीड्स फैक्ट्री में काम करने वाली असगरी खान नामक मुस्लिम महिला को किराए पर अपने घर में रखा था। धीरे-धीरे दोनों के संबंध निकट हुए और वह पत्नी की तरह उसके साथ रहने लगी। राजकुमार असगरी को सार्वजनिक रूप से अपनी पत्नी बताता था, हालांकि दोनों ने विवाह किया था या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका।
झगड़े के बाद सन्नाटा, सुबह मिला शव
गुरुवार देर रात राजकुमार शराब के नशे में घर लौटा था। पड़ोसियों के अनुसार उसने दरवाजा खुलवाने के लिए हंगामा किया, जिसके बाद असगरी ने उसे अंदर बुलाया। दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई, फिर अचानक सन्नाटा छा गया।
शुक्रवार सुबह जब राजकुमार के साथी उसे काम पर बुलाने पहुंचे तो दरवाजा बंद नहीं था, लेकिन भीतर का दृश्य देख वे चौंक गए। शव को देख उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
महिला का मोबाइल स्विच ऑफ, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार असगरी खान मौके से गायब है और उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। महिला की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले में हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।