अपराध
गुजरात में 5000 करोड़ की कोकीन बरामद
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुजरात पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत 13 अक्टूबर को गुजरात के अंकलेश्वर स्थित अवकार ड्रग्स लिमिटेड कंपनी में छापेमारी की जिसमें 518 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई। इस जब्त कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5000 करोड़ रुपये है।
इससे पहले 1 अक्टूबर 2024 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महिपालपुर में एक गोदाम पर छापा मारकर 562 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना जब्त की थी। इसके बाद 10 अक्टूबर 2024 को जांच के दौरान दिल्ली के रमेश नगर की एक दुकान से अतिरिक्त 208 किलोग्राम कोकीन बरामद किया गया।
पूछताछ से यह खुलासा हुआ कि जब्त की गई मादक पदार्थों की खेप फार्मा सलूशन सर्विसेज नामक कंपनी की थी और यह खेप गुजरात के अंकलेश्वर स्थित अवकार ड्रग्स लिमिटेड से आई थी। इस मामले में अब तक कुल 1,289 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना बरामद की जा चुकी है। जिसकी कुल कीमत 13,000 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी कर रहा है जिसने मनी लॉन्ड्रिंग की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। ईडी ने इस सिलसिले में शनिवार को कई स्थानों पर छापेमारी की थी, जिससे मामले की तह तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
