Connect with us

वाराणसी

“गाड़ी दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा”

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पास रिंग रोड पर गत रात बदमाशों ने असलहा सटाकर एक युवक से बाइक लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भगतुपुर गांव निवासी चंदन यादव के अनुसार, वह हरहुआ क्षेत्र के कोइराजपुर निवासी चंद्रमा पटेल के घर खाना खाने के बाद अपनी स्प्लेंडर प्लस (UP 65 FC 4383) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड फेज-2 से गांव जाने वाले मार्ग पर सरकारी ट्यूबवेल के पास सुनसान जगह पर वह लघुशंका के लिए रुके थे।

इसी बीच दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और चंदन यादव की कनपटी पर असलहा सटाते हुए बाइक सौंपने को कहा। बदमाशों ने धमकी दी कि “गाड़ी दे दो, नहीं तो गोली मार दूंगा।” जान से मारने की धमकी से घबराकर चंदन ने बाइक छोड़ दी, जिसके बाद बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए।

पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और वापस लौट गई। बाद में पीड़ित ने हरहुआ चौकी पर लूट की तहरीर दी, हालांकि आरोप है कि पुलिस ने लूट की जगह चोरी का मुकदमा दर्ज किया।

इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है।

Advertisement

गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाइक लूट के दौरान समीर सिंह नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) बढ़ाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page