अपराध
गाजीपुर में नकली नोट छापने वाले गिरोह पर लगा गैंगस्टर एक्ट
गाजीपुर जिले की खानपुर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह के लीडर और उसके दो सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने अप्रैल महीने में इस गिरोह के तीन सदस्यों को 99 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का लीडर विजय भारती उर्फ शिवशंकर पंडित, जो ग्राम सिधौना थाना खानपुर का निवासी है, इसके अलावा अन्य आरोपी विशेन यादव (ग्राम रायपुर बाघपुर, थाना मरदह) और अमित यादव उर्फ मोनू यादव (ग्राम करदहा कैथौली, थाना मरदह) हैं। यह गिरोह जाली नोटों को प्रिंटर मशीन से तैयार कर बाजारों में असली नोटों के रूप में आपूर्ति करता था, जिससे आर्थिक लाभ अर्जित करते थे।
21 अप्रैल को पुलिस ने आरोपियों के पास से नोट बनाने की प्रिंटर मशीन, नकली नोटों के लिए इस्तेमाल होने वाला कागज और कुल 99,200 रुपये के नकली नोट बरामद किए थे। इनमें 500 के 30, 200 के 276 और 100 के 290 नोट शामिल थे।
थानाध्यक्ष प्रवीण यादव की तहरीर पर पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के आपराधिक कृत्यों के कारण भारतीय मुद्रा के प्रति आम जनमानस में अविश्वास उत्पन्न हो रहा था। इस गिरोह के कार्यों को देखते हुए इनका समाज में स्वतंत्र विचरण करना जनहित में उचित नहीं था। पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ 1986 के उ.प्र. गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
