Connect with us

जौनपुर

खेत की सिंचाई करने गये दंपती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता

Published

on

ग्रामीणों ने जतायी हत्या की आशंका

जौनपुर।  मलूकपुर गांव में रविवार भोर में खेत की सिंचाई करने गए अनुसूचित जाति के दंपती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजन और ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को मौके पर फावड़ा, साइकिल और चप्पल बरामद हुई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार शाम थाने के सामने चक्काजाम कर विरोध जताया।

गांव के राम चरित्र (58) अपनी पत्नी किस्मत्ती (56) के साथ गांव के धर्मवीर सिंह का खेत बंटाई पर जोतते थे। इस साल उन्होंने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। रविवार सुबह करीब 6 बजे दोनों सिंचाई के लिए खेत पर गए लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। जब परिजन खेत पर पहुंचे तो वहां उनकी चप्पल, फावड़ा और साइकिल पड़ी मिली, लेकिन दंपती का कोई पता नहीं चला।

ग्रामीणों ने जतायी हत्या की आशंका
घटना से नाराज ग्रामीण रविवार रात करीब 10:30 बजे थाने पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी सिटी अरविंद कुमार वर्मा, सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान और एसडीएम राजेश चौरसिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दंपती की पुत्री सरिता ने बगल के खेत के चकदार तीन भाइयों और उनके भतीजे पर हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि इन लोगों ने खेत की मेड़ों पर बांस-बल्ली लगाकर नंगे तार में करंट प्रवाहित किया है, जिससे दंपती की मौत हो सकती है।

पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसपी सिटी और सीओ ने घटनास्थल का टार्च की रोशनी में बारीकी से निरीक्षण किया। शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलवाई गई। आशंका के चलते गांव के तीन कुओं में घंटों तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन दंपती का कोई सुराग नहीं मिला।

Advertisement

दंपती के लापता होने और पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज होकर ग्रामीणों ने सोमवार शाम थाने के सामने 15 मिनट तक चक्काजाम किया। अधिकारियों ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page