Connect with us

गाजीपुर

खुले कुएं में गिरा बछड़ा, रातभर फंसा रहा; सुबह रेस्क्यू कर बचाई गई जान

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। रेलवे स्टेशन परिसर के प्लेटफार्म नंबर 2 के साउथ साइड स्थित स्टैंड क्षेत्र में बने शिव मंदिर के पीछे एक पुराने खुले कुएं में सोमवार की रात एक बछड़ा गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और प्रशासन की तत्परता से घंटों की मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित मंगलवार की सुबह लगभग 8 बजे बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बछड़ा सोमवार रात लगभग 9 बजे स्टैंड परिसर में घूम रहा था। इसी दौरान खुला पड़ा पुराना कुआं दिखाई न देने के कारण वह उसमें जा गिरा होगा। रातभर कुएं में फंसा रहने के बावजूद बछड़ा जीवित रहा, जिसे स्थानीय लोग सौभाग्य मान रहे हैं। स्थानीय निवासी विनोद, सुरेश और सैफ ने बताया कि यह कुआं काफी पुराना है और लंबे समय से खुला पड़ा हुआ है। उनका कहना है कि यदि इसे समय रहते ढक दिया गया होता तो यह घटना नहीं होती।

लोगों ने आशंका जताई कि “आज जानवर गिरा है, कल कोई इंसान भी गिर सकता है”, क्योंकि रेलवे स्टैंड परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी राजीव अरुण सिंह ने तत्काल जमानिया नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को अवगत कराया। सूचना पर अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार नगर पालिका कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही डायल 112 पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड भी घटनास्थल पर पहुंची।

Advertisement

सभी टीमों ने संयुक्त प्रयास करते हुए काफी मशक्कत के बाद बछड़े को कुएं से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौजूद रही और राहत कार्य में सहयोग करती रही।

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बछड़ा जीवित है, उसका प्राथमिक उपचार कर उसे गौशाला भेजा जाएगा। यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है कि सार्वजनिक स्थानों पर खुले पड़े खतरनाक ढांचों को समय रहते सुरक्षित किया जाए, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page