गाजीपुर
खड़ंजा मार्ग पर दबंगों का कब्जा, ग्रामीणों में आक्रोश
शादियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद ग्रामसभा अंतर्गत कुतुबपुर गांव में ग्रामसभा की जमीन पर बने खड़ंजा मार्ग पर दबंग प्रवृत्ति के लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ मनबढ़ लोगों ने सार्वजनिक रास्ते पर खिड़की और छज्जा लगाकर मार्ग को अवरुद्ध करने का प्रयास किया है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में गंभीर परेशानी उत्पन्न हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त रास्ता ग्रामसभा की घरौनी संख्या 51 में दर्ज है और इसी मार्ग से दर्जनों परिवारों का प्रतिदिन आना-जाना होता है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा रास्ते के शुरुआती हिस्से पर कब्जा कर उसे संकरा किया जा रहा है, जिससे रास्ता बाधित होने की स्थिति बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटवाकर रास्ते को मुक्त कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों का आवागमन सुचारु रूप से हो सके। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
