गोरखपुर
खजनी में गैस सिलेंडर के लिए भोर से लगी लंबी कतारें, एसडीएम-सीओ ने किया औचक निरीक्षण
गोरखपुर। खजनी क्षेत्र में गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि उपभोक्ता भोर से ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लेखपाल और स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की धांधली या अव्यवस्था न होने पाए।
शनिवार को खजनी क्षेत्र के विभिन्न गैस गोदामों पर सिलेंडर वितरण के लिए गैस की गाड़ियां पहुंचीं, जिसके बाद उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन की निगरानी में गैस वितरण शुरू कराया गया। मौके पर लेखपाल रवि कुमार तथा स्थानीय पुलिस मौजूद रही, जो व्यवस्था बनाए रखने और उपभोक्ताओं को क्रमवार सिलेंडर दिलाने में जुटे रहे।
इसी बीच उपजिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह और क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने क्षेत्र का भ्रमण कर गैस गोदामों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने खजनी पल्हइपार स्थित भारत गैस गोदाम, बिहारी बुजुर्ग इंडेन गैस गोदाम तथा कर्मदेवा स्थित इंडेन गैस गोदाम का निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रक्रिया और उपभोक्ताओं की लाइन व्यवस्था की भी जांच की।
अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि गैस वितरण में पारदर्शिता बनाए रखें और किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशान न किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि ब्लैक मार्केटिंग या अनियमितता की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सक्रियता के बीच उपभोक्ताओं को क्रमवार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करें।
