वाराणसी
कॉलोनाइजर हत्या मामले में कारोबारी साथी गिरफ्तार

मुंबई से भी पकड़ा गया संदिग्ध, वाराणसी लाया गया
वाराणसी। जिले के सारनाथ में कॉलोनाइजर महेंद्र सिंह गौतम की हत्या का रहस्य सुलझ गया है। पुलिस ने बुधवार की भोर में महेंद्र के कारोबारी साथी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी पर शूटरों को असलहा उपलब्ध कराने और हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, सारनाथ के सिंहपुर में लगभग 20 करोड़ रुपये की 21 बिस्वा जमीन के विवाद को लेकर करीब ढाई महीने पहले कॉलोनाइजर और उसके कारोबारी साथी में मतभेद उत्पन्न हुआ था। विवाद के बाद कारोबारी ने महेंद्र गौतम से अलग होने के साथ धमकी भी दी थी। इसके बाद उसने अपने पुराने परिचितों के माध्यम से महेंद्र की हत्या की योजना बनाई।
कॉलोनाइजर की फाइल फोटो
गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के तीन शूटरों को पैसे देकर महेंद्र गौतम की हत्या के लिए लगाया गया। शूटरों ने तीन दिन तक महेंद्र की रेकी की। शुरुआत में हत्या महेंद्र के घर के पास करने की योजना थी, लेकिन सीसीटीवी कैमरों के कारण हत्या का स्थान बदलकर सिंहपुर, अरिहंतनगर फेज-टू कॉलोनी कर दिया गया।
21 अगस्त की सुबह 9 बजे महेंद्र गौतम को बाइक सवार तीन शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद शूटर पुलिस को चकमा देने के लिए सिंहपुर अंडरपास से रिंगरोड हरहुआ, बड़ागांव होकर जौनपुर की तरफ भाग गए।
वरुणा कमिश्नरेट पुलिस की 10 टीमों ने 450 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले और 50 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की। इसके आधार पर पुलिस टीमों ने आरोपी कारोबारी तक पहुँचकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया, “कॉलोनाइजर की हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों तक भी पुलिस की पहुंच हो चुकी है।”