वाराणसी
कृषि विज्ञान केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण सम्पन्न

वाराणसी। कृषि विज्ञान केंद्र में बृहस्पतिवार को “फलों और सब्जियों का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन” विषय पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आराजी लाइन विकासखंड से आईं 25 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार सिंह ने बताया कि कैसे फलों और सब्जियों का प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन करके किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जो कि एक प्रसार कार्यकर्ता के रूप में भी कार्यरत हैं, वे किसानों को इसके बारे में जानकारी प्रदान कर सकती हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र से जोड़ सकती हैं।
कार्यक्रम समन्वयक एवं केंद्र की गृह विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा सिंह ने विभिन्न फलों और सब्जियों के प्रसंस्करण तकनीकों एवं उनके मूल्य संवर्धन के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बिना मौसम के फलों और सब्जियों की उपलब्धता हेतु उनके प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के बारे में महिलाओं को बताया।
प्रसंस्करण से संबंधित अनुदान के बारे में भी इन कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से किसानों को प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को एक व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे किसान अच्छा मुनाफा भी कमा सकते हैं।
इस कार्यक्रम में केंद्र की पशुपालन वैज्ञानिक पूजा सिंह ने दूध के मूल्य संवर्धन पर चर्चा की और सस्य विज्ञान के वैज्ञानिक डॉ. अमितेश सिंह ने गेहूं व चावल के प्रसंस्करण से आमदनी बढ़ाने की अपील की। शिवानी ने रजिस्ट्रेशन, प्रसंस्करण इकाई का दौरा करवाने और अन्य गतिविधियों में सहयोग किया।