Connect with us

वाराणसी

काशी से अन्य जिलों तक शुरू होगी नई इलेक्ट्रिक बस सेवा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। वाराणसी रोडवेज से शीघ्र ही गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़ और गोरखपुर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस पहल के तहत वाराणसी को इन जिलों से जोड़ा जाएगा, जिससे आवागमन की सुविधा और अधिक सुदृढ़ होगी। वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक परशुराम पांडेय ने बताया कि इन मार्गों पर संचालन के लिए प्रथम चरण में 21 इलेक्ट्रिक बसों का चयन किया गया है, जो 200 से 250 किलोमीटर के दायरे में यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़ और मऊ को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की जा रही है। पहले चरण में 21 बसें चलाई जाएंगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक होगी। सभी बसें आधुनिक सुविधाओं से युक्त, कम्फर्टेबल और वातानुकूलित होंगी, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

Loading...

परशुराम पांडेय ने बताया कि पहले चरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस योजना के अंतर्गत बलिया और आजमगढ़ से बसों का संचालन किया जाएगा। बलिया से 10 और आजमगढ़ से 11 बसें चलेंगी। बलिया से चलने वाली बसें गाजीपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेंगी, जबकि आजमगढ़ से कुछ बसें मऊ होकर वाराणसी आएंगी। ये बसें 200 से 250 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी, जिससे अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि सभी बसें इलेक्ट्रिक होने के कारण शोर और प्रदूषण से मुक्त होंगी, जिससे पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचेगा। इसके साथ ही यात्रियों को कम किराए में लंबी दूरी की यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इन बसों का किराया भी किफायती होगा। नई तकनीक की मदद से एक साथ पांच बसों को मात्र एक घंटे में पूर्ण रूप से चार्ज किया जा सकेगा, जिससे संचालन व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page