Connect with us

वाराणसी

काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव की स्वर्ण रजत प्रतिमा का 71वीं शोभायात्रा सात जुलाई को होगी आयोजित

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा श्री काल भैरव जी की वर्ष 1954 में निर्मित स्वर्ण रजत पंच बदन प्रतिमा की भव्य 71 वीं शोभायात्रा 7 जुलाई 2024 को प्रातः 7 बजे चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी वाराणसी के तत्वावधान में निकाली जाएगी।

कमेटी के अध्यक्ष कमल कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि, “71 वें शोभायात्रा में सर्वप्रथम आगे पुलिस घुड़सवार चलेंगे। उनके साथ ताशा बाजा के साथ भक्तगण ध्वजा पताका लिए आगे‌ की पंक्ति में चलेंगे। साथ ही कमेटी के संस्थापक द्वय स्वर्गीय किशुनदास और स्वर्गीय भीकू सिंह की तस्वीर भी सुसज्जित रथ पर चलेगी। बैंड पार्टी सुमधुर धुन बिखरते चलेंगे साथ में माता स्वरूप प्रतिमाएं अपने करतब दिखाते हुए चलेंगी। ग्यारह सुसज्जित और छतरी युक्त घोड़ों पर देव स्वरूप राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न,हनुमान जी के साथ ध्वजा पताका लिये ध्वज वाहक भी विराजमान रहेंगे और पाइप बैंड का आकर्षण भी रहेगा।

कमल कुमार सिंह ने आगे बताया कि, “शोभायात्रा के दौरान शंकर पार्वती, राधा कृष्ण, दुर्गा जी, काली जी, हनुमान जी की भी आकर्षक झांकी रहेगी। इवेंट प्लानर की टीम नीरज सेठ के नेतृत्व में रास्ते भर भजन प्रस्तुत करती रहेगी। गोविंदेश्वर महादेव की आकर्षक झांकी तथा डमरू दल भी शोभायात्रा के केंद्र बिंदु होगे। शोभायात्रा के अंत में शहनाई वादन के साथ फूलों से सुसज्जित बाबा का स्वर्णिम रथ संदीप सेठ के नेतृत्व में 15 लोगो द्वारा रथ चलता रहता है। साथ ही भैरवभक्त जन भी होगें।”

अध्यक्ष कमल कुमार सिंह ने बताया कि, “शोभायात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा बाबा के भक्तों द्वारा लगभग 40 स्थानों पर पूजा-अर्चना भी होगी। भव्य शोभायात्रा के कुशल संचालन के लिए शोभायात्रा मंत्री जनार्दन प्रसाद वर्मा के सहयोगी के रुप में कमेटी के पदाधिकारियों की टीम बनाई गयी है।

स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के महामंत्री सतीश कुमार सिंह ने बताया कि, “शोभायात्रा काठ की हवेली चौखम्भा से शुरू होकर बीबी हटिया, जतनवर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविन्द पुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुंआ, गोलघर, भुतही इमली होते हुए शोभायात्रा कालभैरव मंदिर पर जाकर संम्पन्न होगी।

Advertisement

कमेटी के महामंत्री ने बताया कि, “बाबा की स्वर्ण रजत प्रतिमा मंदिर में प्रतिस्थापित कर भव्य श्रृंगार, पूजन व भैरव भक्तजनों को दर्शन हेतु बाबा श्री काल भैरव की स्वर्ण-रजत पंच बदन प्रतिमा स्थापित की जायेगी। सायंकाल पंडित जयकृष्ण दीक्षित के आचार्यत्व में बसंत पूजा होगी तथा रात्रि समयानुसार 11 बजे तक दर्शन-पूजन का कार्य अनवरत चलता रहेगा तथा महाआरती के पश्चात श्रृंगार कार्यक्रम सम्पन होगा।”

उन्होंने बताया कि, “नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के स्वयं सेवक वाकि टाकी के साथ शोभायात्रा के कुशल व व्यवस्थित संचालन में सहयोग करेंगे। मंदिर प्रांगण से भी टीम बनाकर प्रसाद वितरण की उचित व्यवस्था की गई है।”

शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम मंत्री जनार्दन प्रसाद वर्मा ने बताया कि, “शोभायात्रा के आयोजन में मीडिया संयोजन का प्रभार डॉ. कैलाश सिंह विकास एवं किशोर सेठ को सौंपा गया है। पूरे मंदिर परिसर में तथा भैरव नाथ चौराहे से लेकर कालभैरव द्वार तक विद्युत झालरों तथा फूल मालाओं से भव्य सजावट की जाएगी।”उन्होंने काशी की धर्म परायण जनता से अपने प्रतिष्ठानों को दोपहर 1:00 बजे तक बंद कर शोभायात्रा में सपरिवार शामिल होने की अपील की। साथ ही आग्रह किया कि मंदिर में सपरिवार दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनाएं।

शोभायात्रा मंत्री जनार्दन प्रसाद वर्मा ने बताया कि, “शोभायात्रा के मार्गों की मरम्मत गोलघर में लगे लोहे के एक गार्डर को निकालने, चूने का छिड़काव सफाई व्यवस्था तथा मंदिर क्षेत्र में प्रकाश की व्यवस्था के लिए कुछ दिन पहले ही नगर आयुक्त व कोतवाली जोनल अधिकारी को पत्रक सौंपा गया है।”

पत्रकार वार्ता के दौरान अध्यक्ष कमल कुमार सिंह, महामंत्री सतीश कुमार सिंह, शोभायात्रा मंत्री जनार्दन प्रसाद वर्मा, कोषाध्यक्ष विष्णु सेठ, श्यामसुंदर सिंह, कृष्ण कुमार सेठ, डॉ. कैलाश सिंह विकास, किशोर सेठ, घनश्याम सेठ, अनुज गौतम, राजू वर्मा, संदीप सेठ आदि उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page