मिर्ज़ापुर
कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा संपन्न
मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ प्रारंभिक परीक्षा-2024 रविवार को कड़ी सुरक्षा और शांति के बीच सम्पन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी बी., जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शिव प्रताप शुक्ल सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।


मंडलायुक्त डॉ. मुथुकुमार स्वामी ने जीआईसी, बिनानी डिग्री कॉलेज, जुबिली इंटर कॉलेज, माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज, शिव इंटर कॉलेज, बसंत इंटर कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज और बीएलजे इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने जुबिली इंटर कॉलेज, जीडी बिनानी डिग्री कॉलेज और राजकीय पॉलिटेक्निक जैसे केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


परीक्षा में प्रथम पाली में कुल 5472 परीक्षार्थियों में से 2416 उपस्थित रहे, जबकि 3056 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 5472 में से 2403 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, और 3069 अनुपस्थित रहे।


परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने हर केंद्र पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित की। परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की गई।
