पूर्वांचल
कटसिला नहर में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के नहर में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तत्काल युवक के शव को बाहर निकाला और कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इलिया थाना क्षेत्र के खखडा गांव के रहने वाले सिद्धार्थ (20 वर्ष) शुक्रवार को कटसिला गांव निवासी अपने मौसा जयप्रकाश राम के घर आया हुआ था। मंगलवार की रात सिद्धार्थ अपने दोस्तों के साथ नहर किनारे शौच करने के लिए गया हुआ था। इस दौरान उसका बोलत नहर में गिर गया जिसे निकालने के लिए सिद्धार्थ नहर किनारे उतरा और उसका पैर फिसल गया जिससे वह गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। वहीं सिद्धार्थ के पिता योगेश ने हत्या का आरोप लगाया कि सिद्धार्थ का गला घोंटकर मार दिया है। उसके बाद उसके शव को नहर में फेंक दिया गया है।
इस बाबत सदर कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा हत्या की तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
