वाराणसी
कचहरी में अब बेतरतीब पार्किंग पर ब्रेक, वकीलों को मिलेंगे विशेष पास
वाराणसी। कचहरी परिसर के आसपास वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से उत्पन्न हो रही यातायात बाधा को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत वकीलों को विशेष वाहन पास जारी किए जाएंगे, ताकि वे अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा कर सकें और सड़क पर अनावश्यक अवरोध न बने।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बिना पास के सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय एक सप्ताह पूर्व लिया गया था, जिसे अब प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनुराग त्यागी ने बताया कि कचहरी के आसपास सड़क किनारे वाहनों की अधिकता के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
समस्या के समाधान को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। चर्चा के बाद यह तय हुआ कि वकीलों को ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन पास उपलब्ध कराए जाएंगे। वाहन पास का वितरण मंगलवार से सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में शुरू होगा, जहां ट्रैफिक पुलिस और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रत्येक पास पर संबंधित वकील की सीओपी संख्या और वाहन संख्या अंकित रहेगी।

नई व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक वकील को केवल एक ही वाहन पास जारी किया जाएगा। पासधारी वाहन ही कचहरी के पास निर्धारित स्थलों पर पार्क किए जा सकेंगे। बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी ने इस पहल को प्रभावी बताते हुए कहा कि इससे पार्किंग की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
कचहरी के आसपास लंबे समय से सड़क पर खड़े वाहनों के कारण न केवल यातायात बाधित होता रहा है, बल्कि वकीलों और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाहन पास व्यवस्था लागू होने के बाद वकीलों के अलावा अन्य कोई व्यक्ति वहां वाहन पार्क नहीं कर सकेगा, जिससे अव्यवस्था पर नियंत्रण होगा।

इस पहल से वकीलों को अपनी गाड़ियों के लिए सुरक्षित और निर्धारित स्थान उपलब्ध होंगे, जिससे अदालत आने-जाने में सुविधा बढ़ेगी। ट्रैफिक पुलिस का यह कदम कचहरी परिसर के आसपास यातायात को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो वकीलों के साथ-साथ आम जनता के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।
