गोरखपुर
एम्स गोरखपुर में चयनित काउंटरों पर कैशलेस भुगतान की सुविधा शुरू
गोरखपुर। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एम्स गोरखपुर ने एक अहम पहल करते हुए अस्पताल के विभिन्न पंजीकरण और बिलिंग काउंटरों पर कैशलेस भुगतान की सुविधा लागू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत मरीज और उनके परिजन अब चयनित काउंटरों पर डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सुविधा काउंटर संख्या 14 (ECHS), भूतल स्थित स्टाफ काउंटर, काउंटर संख्या 34 के एक काउंटर, प्रथम और द्वितीय तल के कैश काउंटर तथा काउंटर संख्या 24 पर उपलब्ध कराई गई है।
यह पहल कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता, एसएम के मार्गदर्शन और प्रेरणा में शुरू की गई है, जो प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया विज़न के अनुरूप है।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. अजय भारती ने बताया कि कैशलेस भुगतान प्रणाली से कार्य में तेजी आएगी, समय की बचत होगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को अधिक सहज और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है, साथ ही प्रतीक्षा समय को कम करना भी है।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और आगंतुकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग करें और इस नई व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग दें।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अन्य काउंटरों पर फिलहाल नकद और ऑनलाइन दोनों प्रकार के भुगतान पहले की तरह स्वीकार किए जाते रहेंगे, ताकि सभी मरीजों की सुविधा बनी रहे।
एम्स गोरखपुर ने निकट भविष्य में अपनी सभी लेन-देन प्रक्रियाओं को पूरी तरह कैशलेस करने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसके लिए अस्पताल निरंतर आधुनिक एवं मरीज-हितैषी सेवाओं को अपनाने की दिशा में प्रयासरत है।
