Connect with us

मिर्ज़ापुर

एनएचएसआरसी और जिलाधिकारी की संयुक्त बैठक संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

जिला अस्पताल में नए मेडिकल यूनिट की स्थापना पर मंथन

मिर्जापुर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में भारत सरकार की नेशनल हेल्थ सिस्टम्स रिसोर्स सेंटर (एनएचएसआरसी) की सात सदस्यीय टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस टीम का नेतृत्व डॉ. रंजन चौधरी, एडवाइजर डिविजनल, ने किया। बैठक में टीम के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी ने परिचय प्राप्त किया और उनके दौरे के उद्देश्यों की जानकारी ली।

बैठक के दौरान एनएचएसआरसी की टीम ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इनमें जिला चिकित्सालय के आधुनिकीकरण, कैंसर डे केयर यूनिट की स्थापना, डीईआईसी सेंटर के निर्माण, टेलीमानस सुविधा के शुभारंभ, कार्डियक केयर यूनिट के विस्तार, डायलिसिस सेंटर को बेहतर बनाने, डायग्नोस्टिक सेवाओं के उन्नयन, रेडियोलॉजी सेवाओं के सुधार और आईपीएचएल (इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब) की क्रियाशीलता को लेकर गहन मंथन हुआ। इसके साथ ही लक्ष्य कार्यक्रम के तहत एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) सर्टिफिकेशन से जुड़े बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों और आवश्यक सुधारों पर आधारित रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी।

Advertisement

इस महत्वपूर्ण बैठक में एनएचएसआरसी टीम के सदस्य डॉ. कपिल जोशी (डिविजनल कंसल्टेंट), श्रीमती वर्तिका (सीनियर डिविजनल कंसल्टेंट), डॉ. नवीन कुमार (डिविजनल कंसल्टेंट), डॉ. अर्पिता (कंसल्टेंट), अंकुर (कंसल्टेंट एनएचएसआरसी) और इंदु (कंसल्टेंट आरबीएसके) उपस्थित रहे। इनके अलावा, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव, जिला विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, एसआईसी जिला चिकित्सालय, सीएचएस, जिला महिला चिकित्सालय के प्रतिनिधि, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आरसीएच, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनएचएम, क्वालिटी मैनेजर और जिला डाटा प्रबंधक भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के बाद जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिला अस्पताल के पीछे निर्माणाधीन चिकित्सक आवास का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह बैठक जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page