गोरखपुर
एक्सपोजर विजिट के जरिए बच्चों को मिली वैज्ञानिक और ऐतिहासिक जानकारी
गोरखपुर। ब्लॉक सहजनवा से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को छात्रों के लिए एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। बीआरसी सहजनवा से बस को प्राथमिक शिक्षक संघ सहजनवा के अध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल और मंत्री अच्युतानंद त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विजिट में विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान तथा बौद्ध संग्रहालय सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को वैज्ञानिक और ऐतिहासिक जानकारियों से अवगत कराया गया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी सहजनवा यज्ञ नारायण वर्मा ने कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के ज्ञान में वृद्धि होती है और उन्हें नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है। भ्रमण के दौरान बच्चों ने प्राप्त स्टेशनरी का उपयोग करते हुए कई ज्ञानवर्धक जानकारियां भी नोट कीं।
इस अवसर पर व्यास यादव, मनोज राय, ज्ञान सिंह, सत्यव्रत सिंह, रीता तिवारी, संजू त्रिपाठी सहित संबंधित विद्यालयों के अध्यापक व अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
