गाजीपुर
आमने-सामने बाइक की भिड़ंत, बिहार के दो युवकों की मौत; किशोर गंभीर
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। कोतवाली क्षेत्र के करमहरी गांव के पास शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक बाइक पर सवार बिहार निवासी दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक चला रहा स्थानीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। करमहरी गांव के पास अचानक आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे और एक बाइक का चक्का तक निकल गया।
हादसे में दूसरी बाइक चला रहा करमहरी गांव निवासी 17 वर्षीय कृष्णा चौधरी (पुत्र गौरी शंकर) गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक बिहार के रहने वाले थे। पुलिस उन्हें तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार एक मृतक की पहचान 22 वर्षीय निरंजन कुमार (पुत्र लक्ष्मण राम), निवासी विशुनपुरा गांव, थाना रामगढ़, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। जबकि उसके साथ बैठे दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। अज्ञात युवक ने हाफ बाजू की गुलाबी रंग की टी-शर्ट और काली जींस पहन रखी थी।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है और एक किशोर घायल है। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक निरंजन के परिजनों को सूचना दे दी गई है और अज्ञात युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
