गाजीपुर
आमने-सामने टकराए दो टोटो, महिला सहित तीन घायल
गाजीपुर (जयदेश)। जिले के जंगीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर मंगलवार देर शाम करीब 6 बजे दो टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य चालक को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक टोटो (नंबर UP 61BT 5250) पश्चिम दिशा से गलत साइड से आ रहा था। वहीं, दूसरा टोटो गाजीपुर की ओर से अपनी सही लेन में जा रहा था। इसी दौरान सामने से एक बड़ी गाड़ी आने पर गलत साइड से आ रहे टोटो चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसने सामने से आ रहे टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों टोटो हाईवे पर पलट गए। हादसे के वक्त दोनों टोटो में कुल 7-8 लोग सवार थे।

घायलों में जंगीपुर निवासी टोटो चालक कासिम (पुत्र मोहम्मद मुमताज) के पेट और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही पैर में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है। रायपुर, थाना मरदह निवासी प्रद्युम्न यादव (पुत्र सूर्यभान यादव) के हाथ-पैर में भी गंभीर चोटें लगी हैं। पलहीपुर भुभेरा निवासी कुसुम देवी (पत्नी हरिश्चंद्र चौहान) भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दूसरे टोटो चालक निखिल कुमार (पुत्र शिवमूरत, निवासी रूरहरा) को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जंगीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
