Connect with us

गाजीपुर

आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों के लिए शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

Published

on

Loading...
Loading...

भीमापार (गाजीपुर) जयदेश। शिक्षा क्षेत्र सादात के बीआरसी के पास स्थित जिउत दास इंटर कॉलेज, चैनपुर सादात के सभागार में शुक्रवार से आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों के लिए शिक्षकों का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों को उनकी कक्षा के अनुरूप दक्ष बनाना है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नोडल शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे बच्चों को शैक्षिक रूप से सक्षम बनाने के लिए पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। साथ ही उन्होंने कहा कि इन बच्चों की नियमित उपस्थिति और उनके शिक्षण-अधिगम की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। यदि इस पर समुचित ध्यान नहीं दिया गया, तो बच्चों के पुनः ड्रॉपआउट होने की आशंका बनी रहेगी।

प्रशिक्षण के दौरान संदर्भदाता एआरपी रमेश राय, रविंद्र यादव, मनोज मिश्रा और पंकज यादव ने आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों के विद्यालय में ठहराव और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए रुचिकर शिक्षण विधियों, खेल गतिविधियों और विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी।

इस अवसर पर संजय सिंह, विजय शंकर सिंह, विशेष शिक्षक अखिलेश यादव, शालिनी कुशवाहा सहित सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं नोडल शिक्षक उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page