वायरल
आईपीएस ज्येष्ठा की लोकेशन पता करने वाले सात पुलिसकर्मी निलंबित
जयपुर। 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में राजस्थान के भिवाड़ी में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत ज्येष्ठा मैत्रेयी ने आरोप लगाया कि भिवाड़ी साइबर पुलिस के कुछ कर्मचारी उनके मोबाइल फोन की लोकेशन पर नजर रख रहे थे। इस सूचना के बाद एक जांच की गई जिसमें आरोप सही पाया गया। नतीजतन, उपनिरीक्षक सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में साइबर सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक श्रवण जोशी, हेड कांस्टेबल अवनीश कुमार, कांस्टेबल राहुल, सतीश, दीपक, भीम और रोहिताश शामिल हैं। इन सभी ने मिलकर मैत्रेयी की फोन लोकेशन पर नजर रखी थी। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और अन्य पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों की भूमिका की भी समीक्षा की जाएगी।
मैत्रेयी मध्य प्रदेश के गुना की निवासी हैं और उन्होंने 2017 में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी।
